देवल संवाददाता, मऊ। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा तथा स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में ‘मिशन सेफ फ्यूचर-3.0’ अभियान चलाया जाएगा। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर जनपद मऊ में 14 से 19 सितंबर 2026 तक छह दिवसीय विशेष अभियान के तहत स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी।एआरटीओ मऊ सुहैल अहमद ने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों के स्वामित्व अथवा अनुबंध पर संचालित स्कूल वाहनों की जांच करते हुए निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। विशेष रूप से बालिकाओं की सुरक्षित यात्रा पर ध्यान दिया जाएगा। जिन स्कूल वाहनों में छात्राएं यात्रा करती हैं, उनमें महिला परिचारक (अटेंडेंट) की मौजूदगी सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। जांच के दौरान इस व्यवस्था की विशेष रूप से जांच की जाएगी।उन्होंने बताया कि जनपद मऊ में कुल 1181 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं,जिनमें से 30 वाहनों का फिटनेस फेल पाया गया है और उनका पंजीयन निलंबित किया जा चुका है। अभियान के दौरान निलंबित वाहनों के साथ-साथ एनओसी वाले वाहनों के संचालन की भी जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।एआरटीओ ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के दौरान स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था,फिटनेस एवं अन्य निर्धारित मानकों की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
