देवल संवाददाता, मऊ। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,मऊ द्वारा स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली विषय पर अधिवक्ताओं, विशेषकर युवा अधिवक्ताओं के लिए संवेदिकरण कार्यक्रम का आयोजन 29 सितंबर 2026 को शाम 4:30 बजे सिविल कोर्ट सेंट्रल बार एसोसिएशन सभागार में किया जाएगा।कार्यक्रम का आयोजन माननीय उच्च न्यायालय,उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,लखनऊ के निर्देशों के क्रम में किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष हीरालाल द्वारा स्थायी लोक अदालत के वैधानिक ढांचे,न्यायनिर्णयन शक्तियों,सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी न्याय तथा वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने बताया कि स्थायी लोक अदालत आम जनमानस को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के माध्यम से अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली एवं उसके प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिवक्ताओं से कार्यक्रम में समय से उपस्थित होकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
