देवल संवाददाता, इन्दारा। वाराणसी - गोरखपुर रेलवे मार्ग पर रविवार की सुबह 8 बजे इंदारा रेलवे पूर्वी 5 सी क्रासिंग को पार करते समय एक गिट्टी से लदा ट्रक रेलवे ट्रैक के बीच धंस गया। इसकी वजह से गेट बंद नहीं हो पा रहा था। फाटक बंद न होने की वजह से दो 15018 लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 15104 इंटरसिटी,14006 लिच्छवी एक्सप्रेस प्रभावित हो गई। उसके बाद दोपहर डेढ़ बजे एक पुनः ट्रक रेलवे ट्रेक में फंस गया। जिससे ट्रेन नंबर 15129, 14650 भी प्रभावित हुई। ट्रक धंसने की जानकारी रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन में तत्काल पैनल कक्ष में तैनात स्टेशन मास्टर को दिया। इस दौरान क्रॉसिंग के रास्ते आम लोगों का आना-जाना बंद होने से परेशानी और बढ़ गई।रेलवे पुलिस के मुताबिक रविवार को सुबह 8 बजे इंदारा फाटक खुला हुआ था। तभी मिर्जापुर से गिट्टी लाद कर इंदारा के तरफ ट्रक रेलवे फाटक को पार कर रहा था। फाटक पार करते समय ट्रक रेलवे ट्रैक के बीचों बीच में फस गया। ट्रक चालक ने ट्रक को निकालने की बहुत कोशिश की लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। तभी गोरखपुर की ओर से दादर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का समय हो गया। गेटमैन ने इस बाबत उच्च अधिकारियों को अवगत कराया,साथ ही रेलवे सुरक्षा बल को भी इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लगभग डेढ़ घंटे तक जेसीबी की मदद से ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया गया तब जाकर ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। उसके बाद फिर दोपहर की डेढ़ बजे आजमगढ़ की तरफ से ट्रक सीमेंट लादकर मझवारा जा रहा था तभी रेलवे फाटक पर पहुंचा तो रेलवे ट्रैक के बीच धंस गया। इससे फाटक पर जाम लग गया। रेलवे विभाग की बड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक सहित चालक पप्पू पाल व सनुज यादव को कब्जे में ले लिया।इन्दारा आरपीएफ चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि क्रासिंग पर दो ट्रक फंसने से रेलवे ट्रैक बाधित होने की वजह से कई ट्रेनें प्रभावित हुई। मौके पर ट्रक को कब्जे में लेकर रेलवे एक्ट में करवाई की गई।
