देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) तहसील परिसर लालगंज के सभागार में शनिवार को राजस्व निरीक्षक विपिन सिंह, शिवशंकर सिंह एवं बाकेलाल के सम्मान में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तहसील प्रशासन, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त/स्थानांतरित हो रहे राजस्व निरीक्षकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह की मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी नेहा मिश्रा ने तीनों राजस्व निरीक्षकों को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित की भावना सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने तीनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं। तहसीलदार उमेश सिंह ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने कहा कि तीनों राजस्व निरीक्षकों ने अपने कार्यकाल में राजस्व विभाग की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन किया तथा प्रशासनिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अनुभव और कार्यशैली से विभाग को सदैव लाभ मिलता रहेगा। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार कनक सिंह भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विदाई ले रहे अधिकारियों के साथ बिताए कार्यकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का सफल संचालन राजस्व निरीक्षक हरिद्वार सिंह ने किया। उन्होंने विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा काल में प्राप्त अनुभव और सहकर्मियों का सहयोग जीवन भर प्रेरणा देता है तथा विदाई केवल एक नई शुरुआत का प्रतीक होती है। इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद सिंह 'खन्ना', संतोष कुमार राय, हामिद अली, नीरज तिवारी, कुलभास्कर, संतोष सिंह सहित तहसील के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पमालाएं पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर विदाई प्राप्त कर रहे राजस्व निरीक्षकों को सम्मानित किया तथा उनके सुखद, स्वस्थ और सफल जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। समारोह का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
राजस्व निरीक्षक विपिन सिंह शिवशंकर सिंह व बाकेलाल को भावभीनी विदाई एसडीएम नेहा मिश्रा ने दीं शुभकामनाएं
अगस्त 02, 2026
0
Tags
