साउथ अफ्रीका ने नामीबिया दौरे के लिए अपने स्क्वाड का एलान कर दिया है। दौरे के लिए टीम में कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। अफ्रीकी टीम इस दौरे पर एक टी20 ट्राई सीरीज खेलेगी, जिसमें जिम्बाब्वे भी शामिल है। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ अफ्रीकी टीम वनडे सीरीज भी खेलेगी।
प्रोटियाज ने अपनी टीम में युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है। स्टार ऑलराउंडर मार्को यान्सेन के जुड़वा भाई डुआन यान्सेन को भी स्क्वाड में जगह मिली है। नियमित वनडे कप्तान टेम्बा बवुमा को इस दौरे पर शामिल नहीं किया गया है। उनके अलावा टी20 टीम के कप्तान ऐडन मार्करम भी ट्राई सीरीज में खेलते हुए दिखाई नहीं देंगे। साउथ अफ्रीका ने दौरे के लिए लेफ्ट आर्म स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन को कप्तान बनाया है।
ब्योर्न फोर्टुइन बने साउथ अफ्रीका के कप्तान
साउथ अफ्रीका ने नामीबिया दौरे के लिए स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन को अपना नया कप्तान बनाया है। वे प्रोटियाज के लिए वनडे और टी20 क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 16 वनडे मैचों में 18 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा 27 टी20 मैचों में खेलते हुए इस गेंदबाज ने 23 विकेट झटके हैं। अब वे अफ्रीकी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
डुआन यान्सेन को पहली बार मिला मौका
मार्को यान्सेन, जो साउथ अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम में खुद को परमानेंट मेंबर के रूप में स्थापित कर चुके हैं, उनके जुड़वा भाई डुआन यान्सेन को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्हें पहली बार साउथ अफ्रीकी टीम में जगह मिली है। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद इस साल साउथ अफ्रीका की ये पहली टी20 सीरीज होगी, जिसमें रेगुलर खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। डुआन जैंसन के अलावा कॉर्बिन बॉश के भाई ईथन बॉश को भी टीम में शामिल किया गया है। उन्हें भी पहली बार मौका मिला है।
जॉर्डन हरमन की टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने इसी साल मार्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में डेब्यू किया था। हालांकि, पहले मैच में ही वे चोटिल हो गए थे, जिसकी वजह से बाहर हो गए थे। उनके भाई रुबिन हरमन को भी टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा कॉनर एस्टरहुइजन, जॉर्डन हरमन और नकोबानी मोकोएना को भी पहली बार ODI टीम में शामिल किया गया है।
नामीबिया दौरे के लिए साउथ अफ्रीका की टीम
ब्योर्न फोर्टुइन, ईथन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, कॉनर एस्टरहुइजन, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, डुआन यान्सेन, क्वेना मफाका, मोकोएना, नकाबा पीटर, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, लुथो सिपामला, जेसन स्मिथ और प्रेनेलन सुब्रायन।
