परिश्रम संस्था के कजरी महोत्सव में लोकगीतों ने बांधा समां, स्नेह मिलन में जुटे जनप्रतिनिधि और गणमान्य
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। श्रावण मास के अवसर पर सामाजिक संस्था परिश्रम की ओर से शनिवार को कजरी महोत्सव एवं स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। सावन की पारंपरिक कजरी और लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऐसा रंग भरा कि पूरा माहौल पूर्वांचल की लोक संस्कृति से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह एवं चंदौली विधायक सुशील सिंह ने किया। संस्था की ओर से अतिथियों का स्वागत कृपाशंकर सिंह ने किया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का अभिनंदन करते हुए उन्होंने श्रावण मास और कजरी के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
कृपाशंकर सिंह ने कहा कि सावन भारतीय लोक जीवन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ गीत-संगीत और सामाजिक मेल-जोल का भी महीना है। कजरी पूर्वांचल की समृद्ध लोक परंपरा की पहचान है। इसे संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी मिट्टी, परंपरा और लोक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कजरी गीतों ने बांधा समां
महोत्सव में प्रसिद्ध गायक सुरेश शुक्ला ने पारंपरिक कजरी गीतों की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की। उनके गीत ‘निबिया की डारी मैया’ और ‘मीरजापुर की गुलजार, कईला कचौड़ी गली, सुन कईला बलमु’ सहित अन्य कजरी गीतों ने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी प्रस्तुति के दौरान कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इसके बाद प्रसिद्ध गायिका गीतांजलि मौर्य ने अपनी सुरीली आवाज में सावन और कजरी के विभिन्न गीत प्रस्तुत किए। उनकी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। गीतों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पूर्वांचल की पारंपरिक संस्कृति और सावन की फुहार जैसा माहौल देखने को मिला। मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया और तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
स्नेह मिलन में दिखी सामाजिक एकजुटता
कजरी महोत्सव के साथ आयोजित स्नेह मिलन समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं तथा गणमान्य नागरिकों ने एक-दूसरे से मुलाकात की। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे एवं समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव एडवोकेट अखिलेश चौबे ने अतिथियों, कलाकारों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि परिश्रम संस्था सामाजिक सरोकारों के साथ भारतीय लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयासरत है।
समारोह में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, पूर्व सांसद बीपी सरोज, विद्यासागर सोनकर, विधायक रमेश सिंह, रमेश चंद्र मिश्रा, पूर्व विधायक डॉ. हरेन्द्र सिंह, सुषमा पटेल, रमेश मिश्रा, अजय दुबे, डॉ. लीना तिवारी, भाजपा प्रवक्ता ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, श्याम राज सिंह, सुनीता सिंह, मनोज अग्रहरि, सुनील यादव ममन, राहुल सिंह, मुकेश सिंह, धीरू सिंह और पीयूष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
