देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के सितारा महमूदपुर गांव में मजदूरी का पैसा मांगने गई दलित महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार 11 अगस्त की बताई जा रही है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद होता दिखाई दे रहा है।
पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों का आरोप है कि खेत में मजदूरी करने के बाद वे अपना बकाया मेहनताना मांगने के लिए तब्बू पुत्र कैश के घर गई थीं। आरोप है कि मजदूरी मांगने पर तब्बू और उसके परिजन भड़क गए तथा गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई।
पीड़िताओं उषा पुत्री ओमप्रकाश, रेनू पुत्री जयप्रकाश और करीना पुत्री संतोष द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, तब्बू के ललकारने पर उसके पुत्र अब्दुल हलीम, इब्राहिम पुत्र जैस, अफान पुत्र अबूबकर समेत अन्य लोगों ने भी उनके साथ मारपीट की। इसके बाद जब पीड़िताएं घर पहुंचीं और अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी तो परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उनका मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया गया।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जब वे शिकायत लेकर देर शाम दीदारगंज थाने पहुंचे तो उन्हें काफी देर तक दूसरे पक्ष के आने का इंतजार कराया गया। इसके बाद दूसरे पक्ष के पहुंचते ही उन्हें थाने से भगा दिया गया। पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उच्च अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
