देवल संवाददाता, आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र में जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये लेकर रजिस्ट्री न करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गांव के शोभनाथ सेठ और एक अन्य आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अहरौला थाना क्षेत्र के मतलूबपुर गांव निवासी श्यामलाल सोनकर ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में गांव के ही शोभनाथ सेठ और सुधीर सेठ ने उन्हें अपनी जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया। दोनों ने विश्वास में लेकर चेक के माध्यम से कुल 22.70 लाख रुपये ले लिए।
शिकायत में कहा गया है कि तय समय के भीतर जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। बार-बार मांग करने पर आरोपियों ने केवल 2.70 लाख रुपये वापस किए, जबकि शेष 20 लाख रुपये अब तक नहीं लौटाए गए।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने अपनी बकाया रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर कार्रवाई करते हुए अहरौला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
