आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। थाना लाइन बाजार पुलिस ने फर्जी मल्टी लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) और पिरामिड चेन नेटवर्क के जरिए बेरोजगार युवाओं से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 11 मोबाइल फोन, एक लग्जरी थार कार, एक बुलेट और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान नौकरी के नाम पर फंसाए गए करीब 30 युवक-युवतियों को सकुशल मुक्त कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत लाइन बाजार पुलिस ने यह कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपी MS EARTH इंटरप्राइजेज और Royal Health Wellness Private Limited के नाम पर फर्जी कंपनी संचालित कर रहे थे।
गिरोह बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के बेरोजगार युवाओं को फोन कर वाराणसी बुलाता था। उन्हें ₹25 हजार प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का झांसा देकर इंटरव्यू कराया जाता और ज्वाइनिंग या रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर ₹30 से ₹35 हजार तक वसूले जाते थे। इसके बदले केवल ₹1 से ₹2 हजार कीमत की सामान्य किट, जिसमें कपड़े, तेल और साबुन जैसी वस्तुएं होती थीं, देकर प्रशिक्षण शुरू कराया जाता था।
पुलिस के अनुसार प्रशिक्षण के दौरान युवाओं का ब्रेनवॉश कर प्रत्येक सदस्य को तीन नए लोगों को जोड़ने का दबाव बनाया जाता था। ऐसा न करने पर वेतन रोकने और जमा धनराशि वापस न करने की धमकी दी जाती थी। जांच में मुख्य संचालक राहुल राजभर के यूनियन बैंक खाते में करीब ₹34 करोड़ के लेन-देन का पता चला है।
पुलिस गिरोह के वित्तीय लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
.jpeg)