आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की मासिक संगठनात्मक बैठक मंगलवार को सरायख्वाजा स्थित जिला महामंत्री अजय सिंह के आवास पर जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए 'डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण वर्ग' अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बूथ स्तर पर चल रहे संगठनात्मक कार्यों, विभिन्न अभियानों की प्रगति तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला पदाधिकारियों एवं मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से सुझाव लेकर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य वक्ता एवं पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति और संगठन की कार्यप्रणाली तेजी से डिजिटल हो रही है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को तकनीक और सोशल मीडिया का बेहतर ज्ञान होना चाहिए, ताकि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी सोच के तहत भाजपा ने डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण वर्ग शुरू किया है।
जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि आधुनिक दौर में डिजिटल साक्षरता संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करने तथा निर्धारित समय के भीतर डिजिटल लर्निंग का प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता, गति और प्रभावशीलता बढ़ेगी तथा बूथ स्तर तक संगठन और अधिक मजबूत होगा।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, राज पटेल, परविन्द चौहान, अमित श्रीवास्तव, विनय सिंह, नीरज मौर्य, पुष्पा निषाद, जिला मंत्री संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धर्मेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, अंशू, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, विकास शर्मा, रीता जायसवाल, दीपक सिंह, घनश्याम यादव, आमोद सिंह, डॉ. अमरनाथ पाण्डेय, विशाल गौतम, रोहन सिंह, अमित पाठक, कुंवर दिग्विजय सिंह, सिद्धार्थ राय, अवनीश यादव, मेराज हैदर सहित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
