देवल संवाददाता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार थाना पुलिस ने जमीनी विवाद में जानलेवा हमले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उपनिरीक्षक मधुसूदन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को देवारा रामपुर स्थित उनके घर से चंदन पटेल पुत्र रामाकांत पटेल और बचिया देवी पत्नी रामाकांत पटेल को पकड़ा। दोनों देवारा रामपुर, थाना रौनापार, आजमगढ़ के निवासी हैं।
यह मामला 15 जुलाई 2026 का है, जब देवारा रामपुर निवासी बादामी देवी पत्नी रामविनय पटेल ने रौनापार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि जमीन विवाद को लेकर विपक्षियों ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया था। बीच-बचाव करने आए उनके पुत्र अवनीश के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर हमलावर फरार हो गए थे।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। रौनापार थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकाश में आए मुकदमे से संबंधित वांछित दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।
