देवल संवाददाता, जलालपुर । जौनपुर जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज गांव स्थित जौनपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने टोल प्लाजा की कार्यप्रणाली को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि टोल प्लाजा पर नियमों की अनदेखी करते हुए ओवरलोड ट्रकों को वीआईपी लेन से निकाला जा रहा है, जिससे न केवल ओवरलोडिंग पर रोक लगाने की व्यवस्था प्रभावित हो रही है बल्कि सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि टोल प्लाजा पर भारी वाहनों का वजन जांचने के लिए धर्मकांटा (वेट ब्रिज) स्थापित है, लेकिन इसके बावजूद कई ओवरलोड ट्रकों का वजन नहीं कराया जाता। आरोप है कि ऐसे वाहनों को सीधे वीआईपी गेट से निकाल दिया जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह और शाम के समय इस प्रकार के वाहनों की आवाजाही अधिक देखने को मिलती है।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रत्येक भारी वाहन का अनिवार्य रूप से वजन कराया जाए और ओवरलोड वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तो सड़क सुरक्षा के साथ-साथ सरकार के राजस्व की भी रक्षा हो सकती है। उनका आरोप है कि कथित लापरवाही और अनियमितताओं के चलते ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों ने संबंधित विभागों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों की सत्यता की पड़ताल करने तथा यदि अनियमितता पाई जाए तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही टोल प्लाजा पर सभी वाहनों की नियमों के अनुरूप जांच और वजन सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई है।
.jpeg)