देवल संवाददाता, बूढ़नपुर अंतर्गत थाना कप्तानगंज क्षेत्र के देउरपुर गांव निवासी एवं पूर्व प्रधान अखिलेश यादव की बड़ी पुत्री श्रेया यादव ने उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक यूपीएसआई भर्ती परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने माता-पिता, परिवार तथा पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
श्रेया शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उनका सपना बचपन से ही पुलिस विभाग में सेवा करने का था। सफलता मिलने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा वर्दी पहनकर पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कानून की रक्षा करने तथा समाज की सेवा करने की है।
लाइब्रेरी में नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम के बल पर श्रेया ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने 15 मार्च 2026 को आयोजित यूपीएसआई भर्ती परीक्षा में भाग लिया था, जिसका परिणाम 14 जुलाई 2026 को घोषित हुआ। परिणाम आते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों व शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया।
श्रेया की माता सीमा यादव एक निजी शिक्षण संस्थान में प्रिंसिपल हैं, जबकि उनके पिता अखिलेश यादव किसान हैं। श्रेया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और शिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ-साथ नियमित मेहनत और अनुशासित तैयारी को दिया।
इस अवसर पर श्रेया को बधाई देने वालों में अभिषेक यादव, दिव्या यादव, जवाहर यादव, नीन्हक खलीफा, अंश यादव, अमन यादव, आदित्य यादव, राम हिन्द वर्मा, चंद्रशेखर यादव, बृजराज यादव, पूर्व प्रधानाचार्य जयराम यादव, निरहू यादव सहित गांव के अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
