देवल संवाददाता, गौराबादशाह, जौनपुर। नगर के सिपाह मोहल्ला स्थित प्रसिद्ध काली माई शक्ति पीठ मंदिर में सोमवार सुबह मां काली के श्रृंगार में चढ़े जेवरात चोरी करने का प्रयास पुजारी की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल हो गया। साहस का परिचय देते हुए मंदिर के पुजारी बाबा केवल दास ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने छूटने के लिए पुजारी के हाथ में दांत से काटकर घायल कर दिया, लेकिन पुजारी ने उसे नहीं छोड़ा। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक मंदिर में दर्शन के बहाने पहुंचा और गर्भगृह में प्रवेश कर मां काली की प्रतिमा पर चढ़े जेवरात उतारने लगा। इसी दौरान पुजारी बाबा केवल दास की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल युवक को पकड़ लिया। खुद को पकड़ा देख आरोपी ने भागने का प्रयास किया और पुजारी के हाथ में दांत से काट लिया, जिससे वह घायल हो गए। इसके बावजूद पुजारी ने साहस नहीं खोया और आरोपी को मजबूती से पकड़े रखा।
पुजारी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मंदिर परिसर में जुट गए। सूचना मिलने पर पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को चोरी किए गए जेवरात के साथ हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पवन कुमार लाल, निवासी पूरा, नीभापुर के रूप में बताई है। आरोपी के कब्जे से मंदिर के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
