किसी भी धर्म को बदनाम करने का किसी को हक नहीं - डा. प्रमोद कुमार सिंह
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर - सोशल मीडिया पर धार्मिक टिप्पणी कर धर्म विशेष के खिलाफ गलत और आहत करने वाली पोस्ट के खिलाफ कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह एवं शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान ने जिलाधिकारी जौनपुर को ज्ञापन सौप कर विधिक कार्यवाही किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष डा प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि पूनम सिंह नाम की एक महिला सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के पैगम्बर मुहम्मद साहब के खिलाफ लगातार गलत टिप्पणी कर अल्पसंख्यक समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत किया जाता है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी जौनपुर से धार्मिक उन्माद फैलाने वाली पूनम सिंह के खिलाफ त्वरित कार्यवाही किए जाने की मांग करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज में जहर घोलने का काम करते हैं। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि पूनम सिंह के सोशल मीडिया आईडी से हर धर्म के खिलाफ गलत टिप्पणी बराबर की जाती रहती है। मुहम्मद पैगम्बर के खिलाफ की गयी टिप्पणी से मुसलमानो की भावनाओं को ठेस पहुंचा है। आरिफ खान के कहा कि सभी धर्म महान है, हर धर्म के धर्म गुरु लोगों को सही मार्ग दिखाते हैं। भगवान और पैगम्बर के खिलाफ टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। प्रशासन अविलंब कार्यवाही करें। इस मौके पर डा. परमेंदर सिंह, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू, पिछड़ावर्ग प्रकोष्ठ के प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संजय माली, सभासद शहनवाज मंजूर, अबुजर शेख, जिला सचिव इरशाद खान, मुहम्मद ताहिर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
