आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के ताड़तला स्थित बजरंग घाट मोहल्ले में सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक वृद्धा चेन स्नेचरों का शिकार हो गईं। बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
जानकारी के अनुसार, बजरंग घाट निवासी श्रीमती दमयंती देवी, पत्नी हीरालाल वर्मा, सोमवार सुबह करीब 6:05 बजे मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अपने घर के पास पहुंचीं, पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने उनके गले में पहनी लगभग 10 ग्राम वजनी सोने की चेन झपट ली। वृद्धा ने बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद दोनों युवक तेज रफ्तार से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल वृद्धा की सहायता की। सूचना मिलने पर उनके परिजन भी वहां पहुंच गए। पीड़िता के पुत्र संदीप कुमार वर्मा ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत और नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी आबादी वाले क्षेत्र में इस तरह की घटना होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
.jpeg)