आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा । जौनपुर सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय अधेड़ की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में धुत होकर छत पर डांस कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरा। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कोतवाली थाना क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी अशोक कुमार (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह रविवार शाम सिद्दीकपुर स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार के घर आया था। यहां उसने अधिक मात्रा में शराब का सेवन किया। इसके बाद वह कॉलोनी की तीसरी मंजिल पर पहुंच गया और नशे की हालत में डांस करने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डांस करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। गिरने की आवाज सुनते ही कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और परिजन तत्काल उसे गंभीर हालत में करंजकला ब्लॉक स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रविवार शाम हुई इस दर्दनाक घटना के बाद कांशीराम आवास कॉलोनी में शोक का माहौल है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।
