देवल संवाददाता, आजमगढ़ में रौनापार थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को रविवार सुबह बघावर तिराहे से दबोचा। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र महेंद्र निवासी फरसरा खुर्द, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
स्कूल जाते समय बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, रौनापार थाने में 18 जुलाई 2026 को पीड़िता के परिजन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पीड़िता का मोबाइल नंबर उसकी सहेली ने अपने मामा विशाल को दिया था। इसके बाद आरोपी ने स्कूल जाते समय नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप
परिजनों का आरोप था कि आरोपी ने घटना के दौरान अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाए तथा उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को डराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
बघावर तिराहे से पुलिस ने दबोचा
रौनापार थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह करीब 11:10 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बघावर तिराहे से आरोपी विशाल को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर भेजा जाएगा जेल
थाना प्रभारी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला संबंधी अपराधों में वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की जांच भी कर रही है।
