आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स भी जिला कारागार परिसर में तैनात रही।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों की सघन तलाशी ली तथा बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और दैनिक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जेल अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कारागार में सभी व्यवस्थाएं व्यवस्थित एवं संतोषजनक बनाए रखना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योग, व्यायाम, परामर्श तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों का आयोजन कराया जाए, जिससे उनमें सकारात्मक सोच विकसित हो और उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे। निरीक्षण शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
.jpeg)