आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के व्यस्ततम सब्जी मंडी चौराहे के पास बिजली के एक खंभे में करंट उतरने से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए समय रहते ऐसी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार सुबह सब्जी मंडी चौराहे पर तूफैल पान की दुकान के सामने स्थित विद्युत खंभे में करंट उतर आया। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक गाय खंभे की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत अन्य राहगीरों को सतर्क किया, जिससे कोई अन्य व्यक्ति हादसे का शिकार नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल है, जहां दिनभर बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। यदि समय रहते लोगों ने सतर्कता नहीं बरती होती तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद समस्या का तत्काल स्थायी समाधान नहीं किया गया।
बताया गया कि शिकायत मिलने के बाद रात में अहियापुर विद्युत उपकेंद्र से पहुंचे कर्मचारियों ने खंभे से सटे बिजली के तार को अलग कर किसी तरह करंट की समस्या को दूर किया। वहीं सुबह नगर पालिका के कर्मचारियों ने मृत गाय को मौके से हटवाया।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इससे पहले भी गल्ला मंडी, सुतहटी बाजार सहित शहर के कई स्थानों पर बरसात के दौरान बिजली के खंभों में करंट उतरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बारिश के मौसम में ऐसे खतरनाक खंभों की नियमित जांच कराई जाए और आवश्यक मरम्मत कराकर जनहानि की आशंका को समाप्त किया जाए।
