देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के थाना बिलरियागंज पुलिस ने प्रसूता कौशिल्या की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजेश हॉस्पिटल से जुड़े नामजद अभियुक्त राजेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, शाहडीह निवासी रामसिंह साहनी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू कौशिल्या को 12 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर बिलरियागंज स्थित राजेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई, लेकिन अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों ने समुचित उपचार नहीं किया। बाद में गंभीर हालत बताकर उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। परिजनों ने अस्पताल के फर्जी तरीके से संचालन का भी आरोप लगाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिलरियागंज में मुकदमा संख्या 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 तथा राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग अधिनियम, 2019 की धारा 34 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के निर्देशन में उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महराजगंज रोड स्थित राजेश मेडिकल स्टोर के पास से अभियुक्त राजेश गुप्ता (54 वर्ष) निवासी राहुल नगर, बिलरियागंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
