कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।मेहनत, लगन और शिक्षा के बल पर सफलता की नई मिसाल कायम करते हुए टांडा के छज्जापुर निवासी पावरलूम मजदूर मोहम्मद इब्राहिम की दोनों बेटियों ने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है।
बड़ी बेटी उम्मे एमन ने नीट (NEET) परीक्षा में 584 अंक प्राप्त कर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश सुनिश्चित किया, जबकि छोटी बेटी रिदा इब्राहिम ने एलएलबी कंप्लीट कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
करीब 15 वर्षों से पावरलूम पर मेहनत कर अपनी बेटियों की शिक्षा का सपना पूरा करने वाले मोहम्मद इब्राहिम की इस उपलब्धि पर समाजसेवी बरकत अली अपने साथियों के साथ उनके आवास पहुंचे। इस अवसर पर दोनों प्रतिभाशाली बहनों का पुष्प वर्षा, बुके भेंट कर एवं शुभकामनाएं देकर सम्मान किया गया।
इस मौके पर औसाफ इलाही, हाजी खुर्शीद इलाही, कायम अब्बास, जफर अब्बास एवं जितेंद्र कुमार उपस्थित रहे। सभी ने दोनों बहनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समाजसेवी बरकत अली ने कहा,
"मोहम्मद इब्राहिम ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उम्मे एमन और रिदा जैसी बेटियां पूरे समाज का गौरव हैं और अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा हैं।"
उम्मे एमन और रिदा इब्राहिम ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और गुरुजनों को देते हुए कहा कि वे भविष्य में भी समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित रहेंगी।
इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग मोहम्मद इब्राहिम तथा उनकी बेटियों की मेहनत और सफलता की सराहना कर रहे हैं।
