आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील के रामपुर विकास खंड अंतर्गत परमालपुर गांव में मंगलवार को हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने सरकारी चकमार्ग से अवैध कब्जा हटाने की बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया और वर्षों से बाधित सरकारी रास्ते को कब्जामुक्त कराया।
प्रशासन के अनुसार, गांव के करीब 75 मीटर लंबे सरकारी चकमार्ग पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। न्यायालय के निर्देश के बाद राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से अतिक्रमण हटाकर चकमार्ग को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह कब्जा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा किया गया था। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि, चकमार्ग, तालाब और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन करते हुए अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
