देवल संवाददाता, मेंहनाजपुर आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मेहनाजपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मुकदमे में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 02.04.2026 को वादी ओम प्रकाश सिंह पुत्र स्व० शिवचन्द्र सिंह, निवासी ग्राम नचाप, पोस्ट नचाप, थाना मुरार, जनपद बक्सर (बिहार) द्वारा थाना मेहनाजपुर पर लिखित तहरीर दी गई कि उनकी पुत्री वर्षा सिंह का विवाह दिनांक 13.03.2026 को रामप्रताप सिंह पुत्र स्व० अवधेश सिंह निवासी ग्राम मऊपरासिन, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़ के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से हुआ था।
तहरीर के अनुसार विवाह के बाद उनकी पुत्री को अपने पति रामप्रताप सिंह एवं उसकी भाभी प्रतिमा सिंह के अवैध संबंधों की जानकारी हुई, जिसका विरोध करने पर ससुराल पक्ष द्वारा उसके साथ प्रताड़ना की जाने लगी। दिनांक 31.03.2026 की रात्रि में वादी की पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिसकी सूचना वादी को अगले दिन प्रातः प्राप्त हुई। वादी ने अपनी पुत्री की हत्या कर साक्ष्य छिपाने का आरोप पति एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर लगाया।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मेहनाजपुर पर मु0अ0सं0 24/2026 धारा 80(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मुकदमे की विवेचना क्षेत्राधिकारी लालगंज द्वारा की गई।
दिनांक 28.07.2026 को उपनिरीक्षक परमहंस मौर्य मय हमराह क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। सूचना पर सिहुका पुलिया के पास से मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त रामप्रताप सिंह को समय लगभग 11:27 बजे गिरफ्तार किया गया। अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
