लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच के दौरान रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने इतिहास रच दिया है। दोनों ने ऐसा कारनामा किया है, जो अब भारतीय क्रिकेट के इतिहास में कोई जोड़ी नहीं कर सकी थी। दोनों ने भारत के लिए नया इतिहास लिखा है।
लॉर्ड्स में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टॉस के समय जैसे ही कप्तान शुभमन गिल ने प्लेइंग-11 का एलान किया और उसमें रोहित-विराट का नाम आते ही एक बड़ा रिकॉर्ड बन गया। वे दोनों एक साथ भारत के लिए 400 वनडे मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित-विराट से पहले कोई भी भारतीय जोड़ी ये कारनामा नहीं कर सकी थी।
रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी ने रचा इतिहास
रोहित और विराट की जोड़ी भारत के लिए साथ में 400 मैच खेलने वाली पहली जोड़ी बन गई है। इससे पहले कोई भी जोड़ी भारत के लिए साथ में 400 मैच नहीं खेल सकी थी। दूसरे नंबर पर टीम इंडिया के सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ हैं। दोनों ने साथ में 391 मैच खेले थे। अब रोहित-विराट की जोड़ी ने लॉर्ड्स के मैदान पर इतिहास रच दिया है। इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 या उससे अधिक मैच खेलने वाली जोड़ी में अब ये छठी जोड़ी बन गई है। कमाल की बात ये है कि इस लिस्ट में टॉप-4 में श्रीलंका के ही खिलाड़ी शामिल हैं।
इंटरनेशनल मैच में एक जोड़ी के रूप में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने के नाम दर्ज है। दोनों ने श्रीलंका के लिए साथ में 550 मैच खेले हैं। ये इकलौती जोड़ी है, जिन्होंने साथ में 500 या उससे अधिक मुकाबले खेले हैं।
