देवल संवाददाता, आज़मगढ़। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आज़मगढ़ ज़िले द्वारा परिषद के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर शिवालिक आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, बनकट, आज़मगढ़ में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. प्रशांत कुमार राय जी ( गौरक्ष प्रांत उपाध्यक्ष ) उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को परिषद की स्थापना, उसके गौरवशाली इतिहास, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थियों की भूमिका तथा समाज के प्रति युवाओं के दायित्वों पर प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, शील और एकता के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में महाविद्यालय के शिक्षकगण, परिषद के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय एवं वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।
