कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हैंडलूम) के अंतर्गत बुनकर सेवा केंद्र, वाराणसी द्वारा जनपद के टांडा में समर्थ योजना के अंतर्गत 30 बुनकरों के लिए 45 दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशा प्रिया द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य हैंडलूम क्षेत्र से जुड़े कार्यों में बुनकरों एवं युवाओं को दक्ष बनाते हुए उनकी तकनीकी क्षमता का विकास करना तथा उन्हें स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को ₹300 प्रतिदिन की दर से प्रशिक्षण भत्ता भी प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत वे जामदानी बुनाई जैसी पारंपरिक एवं उत्कृष्ट हस्तकरघा कला के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि अपने उद्यम का विस्तार करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर बिना ब्याज के ऋण प्राप्त किया जा सकता है, जिससे बुनकर आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे और स्थानीय हस्तकरघा उद्योग को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में बुनकर सेवा केंद्र, वाराणसी के सहायक निदेशक गोपाल, तकनीकी अधीक्षक आशिफ अली, वरिष्ठ बुनकर जय प्रकाश, प्रभारी उपायुक्त एच.पी. मौर्य, सहायक आयुक्त अजय शर्मा, उद्यमी मित्र अखिलेश पटेल, पावरलूम निरीक्षक शरद चंद्र चौहान, अमृत प्रकाश, चंद्र प्रकाश यादव, आफताब सहित बड़ी संख्या में बुनकर बंधु एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।
