
भारतीय क्रिकेट टीम के दो बड़े स्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। इन दोनों की नजरें अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर हैं। हालांकि, दोनों की जगह टीम में पक्की नहीं है, लेकिन दोनों हार मानने वाले नहीं हैं। इसे देखते हुए दोनों ही खिलाड़ियों के वर्ल्ड कप खेलने के सपने में अहम पड़ाव आने वाला है।
भारत को इसी साल अक्टूबर और दिसंबर में न्यूजीलैंड का दौरा करना है। इस दौरे पर टीम इंडिया दो टेस्ट, पांच वनडे और पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। ये न्यूजीलैंड में भारत का अब तक का सबसे बड़ा दौरा भी होगा। इस दौरे पर खेली जाने वाली वनडे सीरीज दोनों के लिए अहम होगी।
वर्ल्ड कप का टिकट दांव पर
ये दौरा कोहली और रोहित का आखिरी न्यूजीलैंड दौरा भी हो सकता है। दोनों ही अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इन दोनों को शानदार रिसेप्शन मिला था। इसी कारण ये माना जा रहा है कि ये दोनों आखिरी बार न्यूजीलैंड बतौर क्रिकेटर आ रहे हैं।
लेकिन ये दोनों के लिए मौका भी है। अगर इस दौरे पर दोनों ने शानदार खेल दिखाया तो वनडे वर्ल्ड कप की रेस में दोनों बने रहेंगे, लेकिन अगर फेल हुए तो टिकट कट सकता है। टीम मैनेजमेंट पहले ही ये इशारा कर चुका है कि वह इन दोनों को वर्ल्ड कप के लिए नहीं देख रहा है।
100 साल होंगे पूरे
ये सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम है क्योंकि ये दोनों देशों के 100 साल के क्रिकेट संबंधों का जश्न के तौर पर खेली जाएगी। 40 दिन का ये दौरा 22 अक्तूबर से शुरू होगा जब क्राइस्टचर्च में पहला टी20 मैच खेला जाएगा। टी20 सीरीज के बाद वनडे सीरीज खेली जाएगी। पहला वनडे चार नवंबर को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला जाएगा। वहीं टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 नवंबर से होगी।