आमिर, देवल ब्यूरो , जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, आपराधिक घटनाओं, पुलिस कार्रवाई से संबंधित शिकायतों सहित विभिन्न प्रकरणों को लेकर लोगों ने अपनी शिकायतें एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी तथा समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक मामले की प्रभावी निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।
जनसुनवाई के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके। :::
