देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में जिलाधिकारी से मिला और विभिन्न जनहित एवं कर्मचारी हित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान कहा कि ग्राम पंचायतों में कार्यरत रोजगार सेवक विकास कार्यों की रीढ़ हैं और प्रत्येक रोजगार सेवक उनके परिवार का सदस्य तथा प्रशासन का सहयोगी है। उन्होंने म्योरपुर ब्लॉक की बेलहत्थी ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक स्वर्गीय ओमप्रकाश के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि 27 मई को हुई मृत्यु के बाद परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है, ऐसे में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए मदद करनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने मनरेगा कर्मचारियों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की भी मांग उठाई, ताकि कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस दौरान संदीप मिश्र ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भी जिलाधिकारी को महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में मनरेगा के तहत निर्मित सभी तालाबों का मशीनों द्वारा डेढ़ से दो मीटर तक गहरीकरण कराया जाए, जिससे वर्षा जल का अधिकाधिक संचयन हो सके और भूजल स्तर में सुधार आए। पर्यावरण संरक्षण के लिए उन्होंने मैदानी क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में आम, अमरूद, आंवला और कटहल जैसे फलदार वृक्ष लगाने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में चिरौंजी (पियार), तेंदू, महुआ, हर्रा और बहेड़ा जैसे औषधीय एवं उपयोगी वृक्षों का रोपण कराने का सुझाव दिया। मोर्चा ने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने में भी मदद मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, सूरज कनौजिया, दिनेश चेरो, सत्यम पांडेय, संतोष चेरो एवं विजय चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpg)