आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत जिले के दो प्रमुख थानों के प्रभारी निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।
आदेश के अनुसार, सिटी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह को स्थानांतरित कर सिकरारा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सिकरारा थाने में तैनात प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह को सिटी कोतवाली का नया प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस विभाग के इस तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिटी कोतवाली जिले का प्रमुख थाना होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा संवेदनशील मामलों के निस्तारण की जिम्मेदारी काफी अहम मानी जाती है। वहीं सिकरारा थाना क्षेत्र भी अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
सूत्रों के अनुसार, एसएसपी द्वारा समय-समय पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की जाती है तथा बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यकतानुसार जिम्मेदारियों में बदलाव किया जाता है। इसी क्रम में यह फेरबदल किया गया है।
पुलिस महकमे में हुए इस बदलाव के बाद दोनों थाना क्षेत्रों में नई कार्यशैली और बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
