देवल संवाददाता, मधुबन (मऊ)। तहसील क्षेत्र के पहाड़ीपुर खिरिया गांव में गायत्री परिवार द्वारा दीप यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। यज्ञ में विश्व कल्याण की कामना से गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र के साथ भावपूर्ण आहुतियां दी गईं। बाल संस्कार शाला के बच्चों ने मंच से प्रेरणादायक कविताएं सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
प्रवचनकर्ता अभिनय शरण आचार्य ने कहा कि गायत्री ही कामधेनु है, इसकी उपासना से जीवन में चमत्कारी प्रभाव दिखता है। उन्होंने संस्कारों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। बाल संस्कार शाला के संचालक अरविंद मिश्र ने बताया कि बच्चों को सभ्य, सुसंस्कृत और प्रतिभावान बनाने के लिए प्रत्येक रविवार को निशुल्क कक्षा चलाई जाती है। इसमें नैतिक शिक्षा, योग और भारतीय संस्कृति का पाठ पढ़ाया जाता है। कार्यक्रम में अजय गुप्ता, कन्हैया यादव, आदित्य चंद्र गुप्ता, वेदांत मिश्र समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। दीप यज्ञ के माध्यम से गांव में आध्यात्मिक वातावरण का संचार हुआ।
