आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के खासनपुर मोहल्ले में स्थित ऐतिहासिक राजमहल के पास देर रात हुई फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अराजक तत्वों द्वारा की गई कथित फायरिंग में एक गोली राजमहल के मुख्य गेट में जा लगी, जिससे क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक राजमहल के निकट कुछ युवकों का जमावड़ा लगा हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि पहले ईंट-पत्थर चलाए गए और उसके बाद कई राउंड फायरिंग की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। घटना के बाद देर रात तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान चली एक गोली राजमहल के मुख्य फाटक में जा धंसी, जिसके निशान आज भी मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजमहल के कर्मचारी विनोद कुमार ने कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामले में दो नामजद तथा चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि राजमहल के आसपास शाम ढलते ही अराजक तत्वों और शराबियों का जमावड़ा लगना आम बात हो गई है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, जिसके कारण क्षेत्रवासियों में नाराजगी व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार घटना का वीडियो और उससे संबंधित चर्चाएं पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। इसके बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज न होने को लेकर लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले में पुलिस का पक्ष जानने के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल क्षेत्रवासी पुलिस कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
नोट: फायरिंग और आरोपों से संबंधित तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
