भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है। उनकी प्रतिभा का लोहा हर कोई मान रहा है। इसमें अपनी तूफानी गेंदबाजी से बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बनने वाले साउथ अफ्रीका के डेल स्टेन का नाम भी शामिल है। स्टेन ने वैभव को लेकर जो कहा है वो हैरान करने वाला है।
वैभव ने आईपीएल-2026 में जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाजों को जमकर धुना। वह सबसे ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप जीतने में सफल रहे और इसी का नतीजा रहा कि आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए उन्हें भारत की टी20 टीम में जगह मिली है।
विराट-सचिन से आगे हैं वैभव
एसए20 के सीजन-5 से पहले बात करते हुए स्टेन ने कहा कि उन्होंने वैभव अपनी उम्र के बाकी लोगों की प्रतिभा के मुकाबले काफी प्रतिभावान खिलाड़ी हैं। स्टेन ने कहा, "आप लोग सचिन और विराट के बारे में सोचते हैं वहीं ये लड़का और ज्यादा खतरनाक है। अपने करियर के अंत में ये इन दोनों से काफी आगे निकलेगा।"
साउथ अफ्रीका में नहीं है कोई वंडरकिड
स्टेन से जब पूछा गया कि क्या उनके देश में वैभव जैसा कोई खिलाड़ी है? इस पर स्टेन ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि 14-15 साल की उम्र का कोई वंडरकिड साउथ अफ्रीका में है और अगर है भी तो मुझे पता नहीं। यहं के स्थानीय स्काउट्स जिस तरह से नजर रखे रहते हैं वैसी नजरें मेरी नहीं हैं। लेकिन एक चीज मैं कह सकता हूं कि साउथ अफ्रीका में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।"
उन्होंने कहा, "हमारे पास जो सिस्टम है उससे कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर आ रहे हैं। हमारे यहां अडर-19 और अंडर-15 से कई शानदार खिलाड़ी निकल रहे हैं। लेकिन वैभव सूर्यवंशी एक अलग और शानदार खिलाड़ी हैं। वह इस समय के इंटरनेशनल स्तर के कई शानदार खिलाड़ियों में से बेहतर हैं। वह एक सही वंडर ब्वॉय और भारतीय क्रिकेट का खजाना है।"
