देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत संचालित विशेष अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को नगर पालिका परिषद सोनभद्र में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की। इस दौरान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए तथा योजना के नए प्रावधानों और लाभों की जानकारी दी गई।
नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना को मार्च 2030 तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। योजना का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देना और उनके सामाजिक-आर्थिक विकास को सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत पहली ऋण किस्त की सीमा 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये तथा दूसरी किस्त की राशि 20 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। इसके अलावा तीसरी किस्त के रूप में 50 हजार रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। दूसरी किस्त का समय पर भुगतान करने वाले लाभार्थियों को 30 हजार रुपये तक के क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को परिचय बोर्ड, क्यूआर कोड, लेटर ऑफ रिकमेंडेशन (एलओआर) तथा ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यवसायियों और नगर पालिका कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रूबी प्रसाद ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र व्यवसायियों को योजना से जोड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि पूर्व में
ऋण प्राप्त कर चुके सभी वेंडर्स की प्रोफाइलिंग कर उन्हें केंद्र सरकार की आठ अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा। इच्छुक व्यवसायी नए ऋण या व्यवसाय विस्तार के लिए नगर पालिका कार्यालय अथवा जन सेवा केंद्रों के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी डूडा, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के अधिकारी, सभासद मनोज चौबे, अनवर अली, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी व्यवसायी उपस्थित रहे।
.jpg)