देवल संवाददाता, गोरखपुर। माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, श्री अश्विनी वैष्णव ने आज उत्तर रेलवे के तिलक ब्रिज से शकूरबस्ती रेल सेक्शन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं और प्रगति कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान श्री अश्विनी वैष्णव ने शकूरबस्ती डिपो में कार्यरत कर्मचारियों, मेंटेनेंस स्टाफ और अन्य रेलकर्मियों से सीधे तौर पर संवाद स्थापित किया। एक बेहद आत्मीय और सौहार्दपूर्ण वातावरण में रेल मंत्री ने कर्मचारियों के अनुभवों को सुना, उनकी पीठ थपथपाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके दैनिक कार्य में आने वाली व्यावहारिक परेशानियों व समस्याओं को गहराई से जाना।
कर्मचारियों के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए माननीय मंत्री ने बिना किसी प्रशासनिक विलंब के, मौके पर ही मौजूद वरिष्ठ रेल अधिकारियों को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से गौर करने तथा उनके त्वरित और समयबद्ध निवारण के लिए कड़े प्रशासनिक आदेश जारी किए।
