देवल संवाददाता, रानी की सराय (आजमगढ़)। थाना क्षेत्र के खलीलाबाद मोहल्ला स्थित यूनियन बैंक के समीप मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के रेंदुआ गांव निवासी 25 वर्षीय सुधीर कुमार राजभर मंगलवार करीब दो बजे बाइक से बाजार की ओर जा रहे थे। मुख्य मार्ग पर यूनियन बैंक के पास बने कट के समीप अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में सुधीर की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई और वह डिवाइडर से जा टकराए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद सुधीर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जाता है कि सुधीर दिल्ली में रहकर काम करते थे। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
