आमिर, देवल ब्यूरो ,शाहगंज ।जौनपुर पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना तथा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण तथा थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के उपरांत एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी शाहगंज एवं सर्किल के सभी प्रभारी निरीक्षकों/थानाध्यक्षों के साथ बैठक की। बैठक में ऑपरेशन वज्रपात अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि क्षेत्र के दुस्साहसी, मनबढ़ एवं आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने, गुण्डा एक्ट एवं जिला बदर की कार्रवाई करने, गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज करने तथा कुख्यात अपराधियों को आपराधिक माफिया घोषित कर उनके गैंग का डीसीआरबी में पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
