आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत (जौनपुर)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मामले, जिसमें कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद पांच वर्षीय बच्चे की मौत होने की बात सामने आई थी, उसे जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और संबंधित शिवम क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
शनिवार को उपजिलाधिकारी केराकत सुनील कुमार भारती के नेतृत्व में जांच टीम ने क्लिनिक का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा डिप्टी मुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्लिनिक के संचालन और उपलब्ध अभिलेखों की जांच की तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बिना निर्धारित मानकों के संचालित चिकित्सा संस्थानों और दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्य सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)