देवल संवाददाता, बलिया के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने गुरुवार को विकास भवन सभागार में राजस्व विभाग के विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देश दिया कि उनके स्तर पर कोई भी प्रकरण लंबित न रहे।
जिलाधिकारी ने भूमि विवादों के प्रभावी निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाकर शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विकास परियोजनाओं, सड़कों और अन्य जनहित कार्यों के लिए हो रहे भूमि अधिग्रहण की भी समीक्षा की।
डीएम ने निस्तारण के आदेश दिए
डीएम ने निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े किसी भी विवाद की जानकारी तत्काल प्राप्त कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, ताकि जनपद के विकास कार्य प्रभावित न हों। बैठक में कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर संबंधित एसडीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अभियंता से जिलाधिकारी ने माल्देपुर से बाईपास तक प्रस्तावित सड़क के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
हेलीपैड निर्माण की प्रगति की समीक्षा की
बैठक के दौरान, जिलाधिकारी ने 17 विकास खंडों में हेलीपैड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकास खंड में एक हेलीपैड का निर्माण किया जाना है। इसके लिए सभी स्थानों का भूमि चिन्हित कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता से महाराजगंज और नौरंगा क्षेत्र में चल रहे बंधा निर्माण कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि विकास एवं निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में समस्त एसडीएम, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी उप जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
