नकली शस्त्र के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने का प्रयास, युवक को चिन्हित कर धारा 151 बीएनएसएस में किया गया चालान
जहानागंज, आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर श्रीमती आस्था जायसवाल के कुशल नेतृत्व में थाना जहानागंज पुलिस द्वारा ऑपरेशन वज्रपात के अंतर्गत क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं में बढ़ रही गैंग संस्कृति पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान संज्ञान में आया कि कुछ युवक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर वीडियो एवं रील पोस्ट कर क्षेत्र में भय एवं दहशत का माहौल बनाने का प्रयास कर रहे हैं। थाना जहानागंज पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए सतत निगरानी की जा रही है।
इसी क्रम में मुकेश सरोज पुत्र लल्लन सरोज, निवासी तुलसीपुर, थाना जहानागंज, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 18 वर्ष द्वारा नकली शस्त्र का प्रयोग कर वीडियो/रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर रौब गांठने एवं आमजन में भय उत्पन्न करने का प्रयास किया गया। पुलिस द्वारा तत्काल उक्त युवक को चिन्हित कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत धारा 151 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान किया गया। कार्यवाही के उपरांत युवक को उसके अभिभावकों की उपस्थिति में थाना परिसर पर काउंसलिंग की गई। इस दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उन्हें कानून का पालन करने एवं सकारात्मक कार्यों में सहभागिता के लिए प्रेरित करें।
