भारत और अमेरिका के बीच 1 जून से ट्रेड डील पर बातचीत चल रही है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने आज बुधवार को बताया कि भारत, सेक्शन 301 की कार्यवाही के तहत प्रस्तावित टैरिफ उपायों पर अमेरिका के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।
इसके साथ ही मंत्रालय ने बताया कि वॉशिंगटन के साथ द्विपक्षीय व्यापार फ्रेमवर्क समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में भी काम चल रहा है।
भारत-अमेरिका के बीच टैरिफ पर बातचीत
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के आधिकारिक बयान के मुताबिक, यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) ने भारत सहित 60 अर्थव्यवस्थाओं से जुड़े उन उपायों की जांच पूरी कर ली है, जिन्हें इन अर्थव्यवस्थाओं ने माल के आयात को रोकने के लिए अपनाया था।
जांच के बाद, USTR ने 1974 के US व्यापार अधिनियम के सेक्शन 301 के तहत इन 60 अर्थव्यवस्थाओं से होने वाले आयात पर अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है।
हालांकि, जो उत्पाद पहले से ही सेक्शन 232 टैरिफ के दायरे में आते हैं, उन्हें कुछ अन्य श्रेणियों के साथ, प्रस्तावित उपायों से बाहर रखा गया है।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बयान में कहा, 'भारत, सेक्शन 301 की कार्यवाही के हिस्से के रूप में इस मामले पर US के साथ लगातार बातचीत कर रहा है।'
मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत, फ्रेमवर्क समझौते को अंतिम रूप देने के संबंध में भी US के साथ समानांतर चर्चा में लगा हुआ है। इस बात की घोषणा 2 फरवरी, 2026 की गई थी और 7 फरवरी को दोनों देशों ने संयुक्त बयान जारी किया था।
