आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शाहगंज तहसील परिसर में नव-निर्मित लेखपाल संघ भवन का सोमवार को भव्य उद्घाटन एवं लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, लेखपाल संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
भवन का उद्घाटन शाहगंज विधायक रमेश सिंह एवं उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीलेश रंजन राव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नया भवन लेखपालों के संगठन को और अधिक मजबूत करेगा तथा कर्मचारियों के हितों से जुड़े कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने में सहायक सिद्ध होगा।
समारोह में प्रदेश महामंत्री राहुल पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुबोध सिंह, पूर्व तहसीलदार आशीष कुमार सिंह, लेखपाल संघ जौनपुर के जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह और जिलामंत्री धनश्याम पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संगठन की एकजुटता और कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (पीसीएस) कुणाल गौरव, तहसीलदार सौरभ कुमार, राजस्व निरीक्षक संजय राय सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन लेखपाल संघ तहसील शाहगंज के अध्यक्ष इंजी. विकास सिंह और मंत्री विवेक सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने नव-निर्मित भवन को लेखपाल संघ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विश्वास जताया कि इससे संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और कर्मचारियों के हितों के लिए अधिक प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सकेगा।
