आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर/अयोध्या। रामनगरी अयोध्या पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को रविवार को पुलिस ने पद्मश्री पैलेस होटल में रोक दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद जौनपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान को महाराजगंज थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद कांग्रेस ने प्रदेश सरकार पर विपक्ष की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय रामलला के दर्शन के उद्देश्य से अयोध्या पहुंचे थे। उनके साथ पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें होटल से बाहर नहीं निकलने दिया, जबकि आरिफ खान को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
घटना के बाद कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पार्टी का कहना है कि धार्मिक स्थल पर दर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और इसे प्रशासनिक अनुमति से जोड़ना उचित नहीं है।
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भाजपा सरकार विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है। पार्टी ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र में राजनीतिक विरोधियों के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है और सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से कांग्रेस नेताओं को रोके जाने या आरिफ खान को हिरासत में लेने के कारणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
