भारत के खिलाफ 6 जून से होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले अफगानिस्तान के मुख्य कोच रिचर्ड पायबस ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बड़ी मांग की है। उनका कहना है कि अगर आईसीसी चाहता है कि छोटी टीमों का विकास जल्दी हो, तो इसके लिए आईसीसी को पूरे मैचों की सूची देनी चाहिए। उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की जमकर तारीफ की है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच ये मुकाबला न्यू चंडीगढ़, मुल्लांपुर में खेला जाना है। ये मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। ऐसे में पायबस ने आईसीसी से बड़ी मांग की है। उनका मानना है कि सिर्फ पूर्ण सदस्य का दर्जा देने से किसी देश का क्रिकेट आगे नहीं बढ़ सकता है। इसके लिए तीन या 5 मैचों की टेस्ट सीरीज होनी चाहिए। उन्होंने भारत के अलावा अन्य सभी देशों से गुजारिश की है कि अफगानिस्तान के साथ उन्हें मुकाबले खेलने चाहिए।
रिचर्ड पायबस ने ICC से की बड़ी मांग
पायबस ने टेस्ट मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि आईसीसी को ये जिम्मेदारी निभानी चाहिए। किसी देश को पूर्ण सदस्यता मिल जाए, तो ये अलग बात है लेकिन मैचों की पूरी सूची भी देनी चाहिए। ऐसा नहीं हो सकता है कि हमें विश्व कप में मौका मिलेगा, तो उसके आधार पर ही हमारा विकास हो सकता है।"
अफगानी कोच ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता है कि 20 साल पहले कोई ये सोच भी सकता था कि अफगानिस्तान का विकास इतनी तेजी से होगा। जब ये सीरीज 2 मैचों की होने लगी थी, तो मुझे बिल्कुल भी समझ में नहीं आया था। आप ऐसी सीरीज नहीं चाहते हैं, तो टाई हो सके। तीन या पांच मैचों की ही टेस्ट सीरीज होनी चाहिए। इसके बाद ही सीरीज का कोई नतीजा निकल सकेगा।"
अफगानिस्तान को उम्मीद से कम मिले टेस्ट मैच
अफगानिस्तान को आईसीसी ने साल 2017 में पूर्ण सदस्य का दर्जा दिया था। इसके बाद से अब तक ये टीम मात्र 12 टेस्ट मैच खेली है। ऐसे में पायबस यही मांग कर रहे हैं कि अफगानी टीम को और टेस्ट मैच मिलने चाहिए। उन्होंने भारत के अलावा अन्य क्रिकेट बोर्डों से भी मदद के लिए मांग की है। उनका कहना है कि अन्य देशों को भी अफगानिस्तान के साथ मैच खेलना चाहिए।
