देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन/ जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, साइबर अपराध, गुमशुदगी तथा राजस्व संबंधी मामलों समेत विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों की तथ्यपरक जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराया जाए तथा उनके साथ संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार किया जाए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा उत्पीड़न की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें प्राथमिकता के आधार पर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन कार्यक्रम में आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं को सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखकर समाधान की उम्मीद जताई। वहीं पुलिस प्रशासन ने शिकायतों के प्रभावी निस्तारण का भरोसा दिलाया।
.jpg)