संतोष,देवल ब्यूरो,बूढ़नपुर आजमगढ़।विकास खंड कोयलसा के मुखलिसपुर ग्राम सभा में नाले की समय से सफाई न होने के कारण किसानों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाले में वर्षों से जमा गाद, झाड़-झंखाड़ और अवरोधों के चलते बरसात के दिनों में पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिससे खेतों में जलभराव हो जाता है और किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार ग्राम प्रधान से नाले की सफाई कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष यही समस्या सामने आती है और जलभराव के कारण धान समेत अन्य फसलें प्रभावित होती हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते नाले की सफाई करा दी जाए तो बारिश का पानी आसानी से निकल सकता है और किसानों की फसलें बचाई जा सकती हैं। लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता के कारण समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए नाले की तत्काल सफाई कराई जाए, ताकि आगामी बरसात में किसानों को नुकसान न उठाना पड़े। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के साथ आंदोलन करने को भी बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्यों के दावों के बीच मुखलिसपुर का यह नाला आज भी बदहाली का शिकार है और इसका खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
