देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का शुभारंभ किया गया। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक चलने वाले समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत जिले भर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत विकास खंड घोरावल के तिलौली कला में आयोजित कार्यक्रम में घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का भी संकल्प लिया। इसके अलावा सदर विधायक भूपेश चौबे, विभिन्न ब्लॉक प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने जिले के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हरित आवरण बढ़ाकर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। जनपद में विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से संचालित इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले भर में हजारों पौधे रोपे गए तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
.jpg)