आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सामाजिक सेवा, रक्तदान जागरूकता और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष एवं सोशल एक्टिविस्ट उर्वशी सिंह को लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में 'नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा 28 जून 2026 को आयोजित 'संवेदना 2' नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड समारोह में प्रदान किया गया। इस सम्मान को वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड की भी मान्यता प्राप्त है।
यह समारोह इंटरनेशनल ब्लड डोनेशन एंड अवेयरनेस कैंपेन के अंतर्गत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, शहीद पथ, लखनऊ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, राज्यमंत्री विरजा कुमार गोयल, संदीप बंसल सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने उर्वशी सिंह को सम्मानित किया।
उर्वशी सिंह लंबे समय से समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह महिला थाना जौनपुर में पारिवारिक विवादों के आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से टूटते रिश्तों को जोड़ने का कार्य भी कर रही हैं। इसके साथ ही उनकी संस्था अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट रक्तदान जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े अभियानों का लगातार संचालन कर रही है।
उनके नेतृत्व में ट्रस्ट ने अनेक जनहितकारी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक समाज तक पहुंचाया है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उर्वशी सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं और समाजसेवियों की है, जिन्होंने मानव सेवा के इस अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की नई प्रेरणा देगा।
