देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में रेलवे में टीटी (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) की नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कंधरापुर पुलिस ने मामले में वांछित एक और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, कंधरापुर थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने 9 लाख 63 हजार 500 रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, विश्वास दिलाने के लिए फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी बनाकर दे दिया गया। बाद में जब पीड़ित पक्ष ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज और धमकी दी। तहरीर के आधार पर थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत कंधरापुर पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी संदीप श्रीवास्तव (37 वर्ष) पुत्र विनोद श्रीवास्तव को 3 जून 2026 को गाजीपुर जनपद के जमानिया थाना क्षेत्र स्थित टिसौरा गांव से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी का स्थायी पता टिसौरा, थाना जमानिया, जनपद गाजीपुर तथा वर्तमान पता कमला नगर कॉलोनी, लालपुर पांडेयपुर, वाराणसी बताया गया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं को अपने जाल में फंसाते थे और फर्जी टीटी आईडी कार्ड तैयार कर उन्हें नौकरी लगने का भरोसा दिलाते थे। इसी तरीके से पीड़ित परिवार से करीब 9.63 लाख रुपये की ठगी की गई। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है। कंधरापुर पुलिस का कहना है कि युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
टीटी की नौकरी दिलाने के नाम पर 9.63 लाख की ठगी, गिरोह का 1और सदस्य गिरफ्तार
जून 04, 2026
0
Tags
